आंगनबाड़ी नियुक्ति पत्र वितरण चंदौली
जनपद चंदौली में आज आंगनबाड़ी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 09 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 503 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान 09 नव चयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं 50 सहायिकाओं को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जबकि शेष सहायिकाओं को शीघ्र ही नियुक्ति पत्र वितरित किए जाने की बात कही गई। इसके साथ ही 17 पूर्ण आंगनबाड़ी केंद्रों एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय सहगोदाम शहाबगंज का लोकार्पण भी किया गया।
इस अवसर पर लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया, जिसमें मुख्यमंत्री की उपस्थिति रही।
जिलाधिकारी ने नव नियुक्त कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि आज सरकार की नीतियों के चलते महिलाओं को आगे बढ़ने के अनेक अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका समाज में अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य से सीधे जुड़ी होती हैं। उन्होंने सभी को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने और कार्य संबंधी जानकारी को अच्छी तरह सीखने की सलाह दी।
उन्होंने यह भी बताया कि जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों को फर्नीचर एवं आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित किया जा रहा है। साथ ही कार्यकत्रियों को दिए गए स्मार्टफोन में विभागीय ऐप्स के संचालन का प्रशिक्षण लेने पर भी जोर दिया, जिससे कार्य में सुविधा हो सके।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समाज की आधारशिला हैं और देश के भविष्य को मजबूत बनाने में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने कुपोषण के खिलाफ सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए सभी से समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में विधानसभा चकिया एवं मुगलसराय के विधायक प्रतिनिधि, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सीडीपीओ सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नव चयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
