मनोज सिंह डब्लू
चंदौली। सैयदराजा क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने जनता से सीधे संवाद को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब क्षेत्र के लोग उनसे धानापुर में भी आसानी से मुलाकात कर सकेंगे।
धानापुर-अवही मार्ग पर बनाए गए नए जनसंपर्क कार्यालय का उद्घाटन 1 अप्रैल को विधि-विधान के साथ किया जाएगा। इस कार्यालय के शुरू होने से खासकर ग्रामीण और दूरदराज के लोगों को अपनी समस्याएं लेकर लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
पूर्व विधायक ने बताया कि धानापुर क्षेत्र की जनता को उनसे मिलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए स्थानीय स्तर पर कार्यालय खोलने का निर्णय लिया गया है, ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सके।
उन्होंने जानकारी दी कि वह हर बुधवार सुबह 9 बजे से 11 बजे तक स्वयं कार्यालय में मौजूद रहकर आमजन की शिकायतें सुनेंगे। बाकी दिनों में कार्यालय प्रभारी के रूप में सीताराम प्रजापति तैनात रहेंगे, जो लोगों की समस्याओं को दर्ज कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
कार्यालय शुरू होने से पहले ही इलाके में इसका सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे जनप्रतिनिधि और जनता के बीच की दूरी कम होगी और समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।
उद्घाटन से पहले आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जहां मनोज सिंह ‘डब्लू’ ने सभी की समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय प्रभारी को जिम्मेदारी सौंपते हुए जनसेवा को प्राथमिकता देने की बात कही।
नई पहल को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि यह कार्यालय जनहित के कार्यों को नई गति देगा।
