“लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं” — समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कड़ी चेतावनी
जनगणना से जनकल्याण तक… अब हर घर की होगी सटीक पहचान!
चन्दौली | Khabari News
जनगणना-2027 को लेकर चन्दौली प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने साफ शब्दों में कहा कि “जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल क्षम्य नहीं होगी।”

बैठक में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना के दौरान प्रत्येक बिंदु को त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण किया जाए, ताकि भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों के लिए सही आंकड़े उपलब्ध हो सकें।
कलम वालों ने बल्ले से लिखा इतिहास, CPL में पत्रकार टीम बनी चकिया की असली चैंपियन!
डीएम की दो टूक — शिकायत मिली तो होगी सख्त कार्रवाई
बैठक के दौरान डीएम चन्द्र मोहन गर्ग का रुख बेहद सख्त दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी कर्मचारी या अधिकारी द्वारा कार्य में लापरवाही बरती गई अथवा जनता से सहयोग प्राप्त करने में उदासीनता दिखाई गई, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का खेल नहीं बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की नींव है। ऐसे में हर अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी बढ़ जाती है।
सकलडीहा खण्ड शिक्षा अधिकारी पर जताई नाराजगी
बैठक में उस समय माहौल गंभीर हो गया जब खण्ड शिक्षा अधिकारी सकलडीहा द्वारा अपेक्षित सहयोग नहीं दिए जाने का मामला सामने आया। जिलाधिकारी ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कठोर चेतावनी जारी की।

उन्होंने कहा कि कार्यशैली में तत्काल सुधार लाया जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण किए जाएं। डीएम ने दो टूक कहा कि सरकारी कार्यों में ढिलाई अब किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
“टीम भावना से काम करें अधिकारी” — डीएम
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जब सभी विभाग मिलकर काम करेंगे तभी जनगणना जैसे बड़े अभियान को सफल बनाया जा सकेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि जनपदवासी भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। किसी भी तथ्य को छुपाना भविष्य में समस्याएं खड़ी कर सकता है।
जनगणना क्यों है इतनी महत्वपूर्ण ?
विशेषज्ञों के अनुसार जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार, राशन, आवास और अन्य योजनाओं की रूपरेखा तैयार करती है। ऐसे में एक भी गलत सूचना पूरे सिस्टम को प्रभावित कर सकती है।
चन्दौली प्रशासन इस बार जनगणना-2027 को पूरी पारदर्शिता और तकनीकी सटीकता के साथ सम्पन्न कराने की तैयारी में जुटा हुआ है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी रतन वर्मा, समस्त उप जिलाधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Khabari News Special Line
“हर घर की सही गिनती ही विकास की असली गारंटी!”
#Chandauli #Census2027 #जनगणना2027 #DMChandauli #KhabariNews #BreakingNews #UPNews #AdministrationAction #ChandraMohanGarg #GovernmentWork #जनकल्याण #ViralNews





















