चंदौली में निर्वाचन आयोग का बड़ा संदेश:
निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने कलेक्ट्रेट में परखी चुनावी तैयारियां, बूथों पर पहुंचकर BLO और आम नागरिकों से किया सीधा संवाद
– रूबी बानो और वृक्ष बंधु डॉ. परशुराम सिंह सहित नए मतदाताओं एवं बीएलओ को किया गया सम्मानित

-चंदौली में चुनावी तैयारियों का रियलिटी चेक! निर्वाचन आयुक्त ने बूथों पर पहुंचकर BLO से लिया फीडबैक
एक भी वोटर छूटा तो जिम्मेदारी तय! निर्वाचन आयुक्त का अधिकारियों को दो टूक संदेश
-युवा और महिला वोटरों पर आयोग का विशेष फोकस,
-चंदौली में शुरू होगी व्यापक मुहिम
रूबी बानो और वृक्ष बंधु डॉ. परशुराम सिंह सम्मानित, निर्वाचन आयुक्त ने बढ़ाया लोकतंत्र के प्रहरी का मान

- Khabari News
चंदौली। आगामी निर्वाचन की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने जनपद चंदौली में मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और अधिकाधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। शनिवार, 21 नवंबर 2026 को भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक कर स्पष्ट संदेश दिया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए। मतदाता सूची शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित होनी चाहिए।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने जनपद में चल रहे निर्वाचन संबंधी कार्यों, विधानसभा क्षेत्रवार ईपी रेशियो, जेंडर रेशियो तथा मतदाता पुनरीक्षण की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। वहीं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने निर्वाचन के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था से निर्वाचन आयुक्त को अवगत कराया।

युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान
निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने निर्देश दिया कि महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों और भर्ती रैलियों में विशेष शिविर लगाकर पात्र युवाओं से फॉर्म-6 भरवाया जाए, ताकि पहली बार मतदान करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके। उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाए।
महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर
विधानसभा क्षेत्रवार जेंडर रेशियो की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में महिला मतदाताओं का अनुपात कम है, वहां विशेष अभियान चलाया जाए। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का सहयोग लेकर पात्र महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

उन्होंने फॉर्म-8 के माध्यम से नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन संबंधी कार्यों पर लगातार निगरानी रखने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को कहा।
एक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं, प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर जोर
निर्वाचन आयुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होने चाहिए। मतदान केंद्रों पर पेयजल, प्रकाश, बैठने सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। मतदान कार्मिकों का गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण कराया जाए, जिससे मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने संवेदनशील मतदान केंद्रों के चिन्हीकरण, कानून-व्यवस्था तथा राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठक कर आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराने पर भी जोर दिया।
बूथों पर पहुंचकर मतदाताओं से किया सीधा संवाद
समीक्षा बैठक के बाद निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने जनपद के विभिन्न मतदान बूथों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और उपस्थित नागरिकों से सीधे संवाद कर मतदाता सूची पुनरीक्षण की जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने छूटे हुए पात्र नागरिकों, युवा मतदाताओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के प्रयासों की जानकारी ली।
यह निरीक्षण इस बात का संकेत रहा कि निर्वाचन आयोग केवल कागजी प्रगति नहीं, बल्कि बूथ स्तर पर वास्तविक कार्यों और नागरिकों की भागीदारी को भी प्राथमिकता दे रहा है।

नए मतदाताओं, स्वीप आइकन और बीएलओ का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान नए मतदाताओं को वोटर आईडी प्रदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित किया गया। मतदाता जागरूकता अभियान में योगदान के लिए स्वीप आइकन रूबी बानो तथा वृक्ष बंधु डॉ. परशुराम सिंह को सम्मानित किया गया। निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करने वाले बीएलओ को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अधिकारियों ने दिया निर्देशों के पालन का भरोसा
बैठक के समापन पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने निर्वाचन आयुक्त को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन कराया जाएगा तथा निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, ईआरओ सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।
खबरी न्यूज का विशेष विश्लेषण: निर्वाचन आयोग की इस समीक्षा और बूथ स्तरीय निरीक्षण का सबसे महत्वपूर्ण संदेश यही है कि लोकतंत्र की असली ताकत मतदाता है। युवा पहली बार मतदान के लिए आगे आएं, महिलाओं की भागीदारी बढ़े और कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। चंदौली में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की यह कवायद आगामी निर्वाचन की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
खबरी न्यूज | खबर वही, जो जनहित में जरूरी।


















