₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सौगात,तहसील में बंटे हेल्थ कार्ड, OPS की मांग भी हुई तेज
तहसील सभागार चकिया में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ वर्चुअल प्रसारण, शिक्षकों-शिक्षामित्रों-रसोइयों में दिखा उत्साह
खबरी न्यूज नेशनल नेटवर्क | चकिया, चंदौली।
प्रदेश के लाखों शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा। वाराणसी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करते हुए प्रति परिवार ₹5 लाख तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की सौगात दी। इसका सीधा वर्चुअल प्रसारण चकिया तहसील सभागार में किया गया, जहां बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

चकिया और शहाबगंज के 20 शिक्षकों को मिला प्रतीकात्मक हेल्थ कार्ड
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक कैलाश आचार्य ने चकिया एवं शहाबगंज विकासखंड के 10-10 शिक्षकों को प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए सुरक्षा कवच साबित होगी तथा सरकार शिक्षा परिवार के कल्याण के लिए लगातार ऐतिहासिक निर्णय ले रही है।
विधायक कैलाश आचार्य का बयान बना चर्चा का विषय
अपने संबोधन में विधायक कैलाश आचार्य ने कहा, “मेरी चिंता भारतीय जनता पार्टी करती है। आज तक मुझ पर एक चवन्नी भी खर्च नहीं हुई, मेरा पूरा खर्च मेरी पार्टी उठाती है।” उनके इस बयान पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
शिक्षक संघ ने जताया आभार, अब पुरानी पेंशन बहाली की उठी मांग
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि संगठन की 21 सूत्रीय मांगों में शामिल कैशलेस चिकित्सा सुविधा को सरकार ने स्वीकार कर लिया है। इसके लिए सरकार का धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि अब शिक्षकों की सबसे बड़ी मांग पुरानी पेंशन योजना (OPS) को भी सरकार जल्द बहाल करे।
मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम : गौरव श्रीवास्तव
संघ के अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच के कारण शिक्षकों को यह ऐतिहासिक स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। इससे शिक्षकों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उपजिलाधिकारी विकास मित्तल बोले—’स्वास्थ्य सुरक्षा से शिक्षकों का बढ़ेगा मनोबल’
उपजिलाधिकारी विकास मित्तल ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षा परिवार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और जनहितकारी पहल है। इससे शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं रसोइयों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिलेगी और वे पूरी निष्ठा एवं ऊर्जा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि शिक्षा से जुड़े प्रत्येक परिवार को गुणवत्तापूर्ण उपचार की सुविधा बिना आर्थिक बोझ के उपलब्ध हो।
अधिकारियों और शिक्षकों की रही बड़ी मौजूदगी
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी विकास मित्तल, तहसीलदार देवेन्द्र, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया एवं मानदेय कर्मी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस दौरान बाबूलाल, अनिल प्रताप यादव, अशोक प्रजापति, राजेश पटेल, कृषकांत उपाध्याय, महेंद्र प्रचारक, प्रदीप जायसवाल, रजनी जायसवाल, चंद्र किरण, अनुपमा सिंह, वेद प्रकाश सिंह सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बाबूलाल ने किया।

“एक पेड़ राष्ट्र के नाम” अभियान के साथ मनाया गया अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिवस
खबरी न्यूज की नजर
5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा शिक्षा परिवार के लिए बड़ी राहत है। लेकिन कार्यक्रम में जिस तरह शिक्षकों ने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए पुरानी पेंशन योजना की बहाली की मांग भी प्रमुखता से उठाई, उससे साफ है कि अब शिक्षा जगत की अगली बड़ी उम्मीद OPS पर टिकी हुई है।























