खबरी न्यूज नेशनल नेटवर्क
डीडीयू नगर (मुगलसराय), चंदौली।
सुबह की पहली किरण के साथ ही एक बार फिर वही आवाज गूंजी… धड़ाम… धड़ाम…! और देखते ही देखते मुगलसराय की व्यस्त जीटी रोड का इलाका, जहां कभी दिन-रात चहल-पहल रहती थी, अब मलबे और सन्नाटे में बदलता नजर आया। प्रशासन का बुलडोजर लगातार तीसरे दिन भी पूरे रौद्र रूप में दिखा—और इस बार असर और भी गहरा था।
जहां कल तक कारोबार था… आज सिर्फ मलबा!
परमार कटरा से लेकर मिनी मार्केट तक का इलाका—जो कभी शहर की धड़कन माना जाता था—अब एक वीरान मैदान में तब्दील हो चुका है। दुकानों के टूटे शटर, बिखरे सामान, और बेबस नजरों से देखते व्यापारी… यह नजारा किसी आपदा से कम नहीं लग रहा।

तीन दिनों से जारी इस अभियान ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
👉 पहले दिन—50 से ज्यादा अवैध दुकानें ध्वस्त
👉 दूसरे दिन—30 से अधिक अतिक्रमण जमींदोज
👉 तीसरे दिन—बुलडोजर और भी तेज रफ्तार में
https://khabarinews.com/once-the-sp-held-sway-today-a-bulldozer-rolled-over-that-very-office/
डर ऐसा कि खुद ही उठाया हथौड़ा!
इस कार्रवाई का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि कई दुकानदार और मकान मालिकों ने बुलडोजर आने से पहले ही खुद अपने निर्माण को तोड़ना शुरू कर दिया। हाथों में हथौड़ा, आंखों में डर और दिल में दर्द… ये वो लोग थे जिन्होंने सालों की कमाई से अपना आशियाना बनाया था।
एक दुकानदार की कांपती आवाज—
“साहब… अगर खुद नहीं तोड़ेंगे तो सब कुछ चला जाएगा… कुछ तो बचा लें…”
चारों तरफ पुलिस… हर कोने पर नजर!
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मौके पर पांच थानों की भारी पुलिस फोर्स, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारी तैनात हैं। हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

एसडीएम अनुपम मिश्रा खुद मौके पर डटे हुए हैं और पूरे अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उनके निर्देश साफ हैं—“किसी भी कीमत पर सरकारी जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं होगा।”
बुलडोजर-विरोध की कोशिश… लेकिन सख्ती भारी!
शुरुआत में कुछ व्यापारियों ने विरोध जताने की कोशिश की, लेकिन प्रशासन के सख्त तेवरों के आगे किसी की एक न चली। बुलडोजर की आवाज और पुलिस की मौजूदगी ने हर विरोध को शांत कर दिया।

शहर में फैला सन्नाटा और सवाल
इस कार्रवाई के बाद पूरे मुगलसराय में एक अजीब सा सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग अपने-अपने घरों से झांककर सिर्फ एक ही सवाल कर रहे हैं—
“क्या अगला नंबर हमारा तो नहीं?”
व्यापारियों के बीच डर का माहौल है, वहीं आम जनता के बीच इस कार्रवाई को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कुछ लोग इसे शहर को व्यवस्थित करने की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं, तो कुछ इसे अचानक आई तबाही बता रहे हैं।
बुलडोजर-प्रशासन का साफ संदेश
एसडीएम अनुपम मिश्रा ने दो टूक कहा—
“यह अभियान अभी रुकेगा नहीं। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना ही हमारा लक्ष्य है। जो भी सरकारी जमीन पर कब्जा करेगा, उसके खिलाफ ऐसी ही कड़ी कार्रवाई होगी।”
बुलडोजर-आगे क्या… बढ़ेगा दायरा?
सूत्रों की मानें तो यह अभियान सिर्फ जीटी रोड तक सीमित नहीं रहेगा। प्रशासन की नजर अब शहर के अन्य इलाकों पर भी है, जहां अवैध कब्जों की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। यानी आने वाले दिनों में और भी बड़े एक्शन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
✍️ Khabari News | Editor-in-Chief View – एड० के०सी० श्रीवास्तव
“अतिक्रमण हटाना जरूरी है, लेकिन मानवीय पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। प्रशासन को चाहिए कि कार्रवाई के साथ-साथ प्रभावित लोगों के पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था पर भी गंभीरता से विचार करे। विकास और संवेदनशीलता—दोनों का संतुलन ही असली प्रशासनिक सफलता है।”




















