चकिया मंडल की मासिक बैठक में बूथ से लेकर जनता तक पहुंच मजबूत करने पर मंथन
खबरी न्यूज नेशनल नेटवर्क चकिया, चंदौली।
नगर के वार्ड नंबर छह स्थित आदित्य पुस्तकालय गुरुवार को राजनीतिक ऊर्जा और संगठनात्मक रणनीतियों का केंद्र बन गया, जब भारतीय जनता पार्टी चकिया मंडल की मासिक बैठक उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। बैठक में जहां एक ओर संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया, वहीं आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियान की विस्तृत रूपरेखा भी तैयार की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला महामंत्री उमाशंकर सिंह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव, बूथ-बूथ जाकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। संगठन की मजबूती ही चुनावी विजय का आधार बनती है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रभावी तरीके से पहुंचाने की जरूरत है ताकि आमजन सीधे तौर पर लाभान्वित हो सकें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता ने बैठक को संबोधित करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक अनुशासन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के साथ निरंतर संवाद भाजपा की पहचान है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पूर्ण निष्ठा के साथ संगठन हित में कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। बूथ समितियों को और अधिक सक्रिय बनाने, युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने तथा सोशल मीडिया और जनसंपर्क के माध्यम से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी अपने सुझाव रखे और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, अशोक द्विवेदी, मीना विश्वकर्मा, ज्योति गुप्ता, अनीता शर्मा, सारांश केसरी, सुशील पांडे, राहुल सोनकर, अवनीश द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में “संगठन सर्वोपरि” और “सबका साथ-सबका विकास” के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं ने आगामी अभियानों को सफल बनाने का भरोसा दिलाया।
📰 खबरी न्यूज वेव पोर्टल






















