© 2026 Khabari News – All rights reserved. | News Website Development Services | New Traffic tail
Home » उत्तर प्रदेश » गियर बॉक्स के नीचे छिपा था 3.92 करोड़ का सोना! चन्दौली में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

गियर बॉक्स के नीचे छिपा था 3.92 करोड़ का सोना! चन्दौली में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

बिहार से दिल्ली जा रही KIA Carens में बनाया गया था गुप्त बॉक्स, 2 किलो 565.720 ग्राम पीली धातु बरामद

नवही पुलिया हाईवे पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा वाहन, आयकर विभाग व राजस्व आसूचना विभाग को सौंपी गई बरामदगी

खबरी न्यूज नेशनल नेटवर्क  चन्दौली। जिले में पुलिस और स्वाट/SOG टीम को बड़ी सफलता मिली है। थाना चन्दौली पुलिस एवं स्वाट/SOG की संयुक्त कार्रवाई में बिहार की तरफ से दिल्ली जा रही एक KIA Carens कार से 2 किलो 565.720 ग्राम पीली धातु (सोना) बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। खास बात यह रही कि सोने को सामान्य तरीके से नहीं, बल्कि वाहन के गियर बॉक्स के नीचे बनाए गए एक विशेष गुप्त बॉक्स में छिपाकर रखा गया था।

पुलिस के मुताबिक प्रभारी निरीक्षक थाना चन्दौली बिन्देश्वर पाण्डेय और प्रभारी स्वाट/SOG निरीक्षक राम जन्म यादव के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की KIA Carens कार संख्या HR22W2830 से दो व्यक्ति बिहार की ओर से अवैध पीली धातु लेकर दिल्ली की तरफ जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया और टीम ने हाईवे स्थित नवही पुलिया के पास वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।

SRVS Sikanderpur

इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए और वाहन के आधार पर पुलिस ने KIA Carens को आते देखा। टीम ने वाहन को रुकने का इशारा किया। पुलिस के अनुसार चालक ने वाहन को साइड से निकालकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए अन्य वाहनों की सहायता से कार को रोक लिया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम जुबेर मुबारक शेख पुत्र मुबारक शेख, निवासी अहिल्या नगर, जिला सांगली, महाराष्ट्र बताया। उसके बगल में बैठे व्यक्ति की पहचान मनीष कुमार पुत्र पवन कुमार, निवासी लाजपत नगर, जिला फतेहाबाद, हरियाणा के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार वाहन भगाने के कारण के बारे में पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि कार के गियर बॉक्स के नीचे विशेष बॉक्स बनाकर सोना छिपाया गया था, जिसे दिल्ली ले जाया जा रहा था। पकड़े जाने के डर से उन्होंने वाहन को वहां से निकालने का प्रयास किया।

इसके बाद आरोपियों की निशानदेही और सहयोग से वाहन की तलाशी ली गई। गियर बॉक्स के नीचे बनाए गए गुप्त बॉक्स को खोलने पर कपड़े के लंबे बेल्ट में भूरे रंग के सेलो टेप से लिपटी दो सिल्लियां बरामद हुईं। आरोपियों ने बरामद पीली धातु को सोना बताया। पुलिस के मुताबिक बरामद सोने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज आरोपी मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सके।

Dalimss Sunbeam Chakia

आयकर विभाग और DRI की मौजूदगी में हुई जांच

बरामदगी की सूचना उच्चाधिकारियों को देने के बाद आयकर विभाग एवं राजस्व आसूचना विभाग (Revenue Intelligence Department) को सूचित किया गया। संबंधित विभाग के अधिकारी Government Valuer/सुनार के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में बरामद पीली धातु को खुलवाकर उसकी जांच और वजन कराया गया। कुल वजन 2 किलो 565.720 ग्राम पाया गया। संबंधित वैल्यूअर ने इसकी अनुमानित कीमत करीब ₹3 करोड़ 92 लाख बताई।

आयकर विभाग की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बरामद पीली धातु विदेश में निर्मित सोना बताई गई है। पुलिस की गिरफ्तारी एवं बरामदगी संबंधी कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामद पीली धातु को नियमानुसार राजस्व आसूचना विभाग को सुपुर्द कर दिया गया।

Silver Bells Chakia

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अब संबंधित एजेंसियां बरामद सोने के स्रोत, उसके दस्तावेजों और बिहार से दिल्ली तक उसके परिवहन से जुड़े पहलुओं की जांच करेंगी।

इस कार्रवाई में थाना चन्दौली पुलिस के प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर पाण्डेय सहित उपनिरीक्षक कन्हैया लाल मौर्या, कांस्टेबल अभिषेक तिवारी और अरुण मिश्रा तथा स्वाट/SOG टीम के प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव समेत टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

KHABARI NEWS | चन्दौली

Share this post:

Facebook
X
Telegram
Email
WhatsApp

Leave a Comment

लेटेस्ट यूट्यूब वीडियो

लेटेस्ट न्यूज़ चंदौली

लेटेस्ट ब्रेकिंग न्यूज

Advertisement Box

Follow Our Facebook Page

लाइव क्रिकट स्कोर

राशिफल

© 2026 Khabari News – All rights reserved. | News Website Development Services | New Traffic tail

error: Content is protected !!