संजय चौहान को महामंत्री और नसरूद्दीन कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी, संरक्षक मंडल की मौजूदगी में निर्विरोध हुआ चुनाव

खबरी न्यूज नेशनल नेटवर्क‚ चकिया, चंदौली। चकिया के व्यापारिक जगत में रविवार को उस समय नई हलचल देखने को मिली, जब लंबे समय से चले आ रहे चकिया व्यापार मंडल के चुनाव की प्रक्रिया आखिरकार पूरी हो गई। संरक्षक मंडल की देखरेख में संपन्न हुए चुनाव में तीनों प्रमुख पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। इससे व्यापारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
चुनाव में राजन गुप्ता को अध्यक्ष, संजय चौहान को महामंत्री तथा नसरूद्दीन कोषाध्यक्ष चुना गया। नए पदाधिकारियों के चयन के साथ ही व्यापार मंडल को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

निर्विरोध चुनाव से निकला एकजुटता का संदेश
रविवार को आयोजित चुनाव प्रक्रिया के दौरान संरक्षक मंडल के सदस्यों की मौजूदगी में पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई। अध्यक्ष पद के लिए राजन गुप्ता, महामंत्री पद के लिए संजय चौहान और कोषाध्यक्ष पद के लिए नसरूद्दीन के नाम पर सहमति बनी। तीनों पदों पर निर्विरोध चुनाव होने को व्यापारियों की आपसी एकजुटता के रूप में देखा जा रहा है।
चुनाव प्रक्रिया में अजय कुमार गुप्त, अजय उर्फ शिवजी, शिवरतन गुप्ता, गुरुदेव चौहान, विजय विश्वकर्मा‚ भाजपा के मंडल अध्यक्ष संदीप उर्फ आशुॅ गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के सामने अब व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने, बाजार से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के सामने रखने और व्यापारियों के हित में संगठन को और मजबूत करने की चुनौती होगी।
बेचन साव उर्फ बेचू साव की विरासत से जुड़ा है व्यापार मंडल
चकिया व्यापार मंडल का इतिहास भी अपने आप में खास रहा है। यह वही पुरातन व्यापार मंडल है, जिसकी लंबे समय तक नेतृत्व की जिम्मेदारी स्वर्गीय बेचन साव उर्फ बेचू साव ने संभाली थी। उनके कार्यकाल और व्यापारियों के बीच उनकी सक्रिय भूमिका को आज भी चकिया के व्यापारिक क्षेत्र में याद किया जाता है।

ऐसे में पुराने व्यापार मंडल के चुनाव का दोबारा होना केवल पदाधिकारियों के चयन तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे संगठन की पुरानी विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अब नए नेतृत्व से व्यापारियों को बड़ी उम्मीदें
राजन गुप्ता के अध्यक्ष बनने के बाद व्यापारियों की नजरें अब व्यापार मंडल की आगामी गतिविधियों पर टिकी हैं। वहीं महामंत्री संजय चौहान और कोषाध्यक्ष नसरूद्दीन के सामने भी संगठन की जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने की चुनौती रहेगी।

व्यापारियों का मानना है कि मजबूत और सक्रिय व्यापार मंडल बाजार की समस्याओं को एक मंच पर लाने के साथ-साथ प्रशासन और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
चकिया व्यापार मंडल को नया नेतृत्व मिल चुका है। अब देखना होगा कि राजन गुप्ता के नेतृत्व में संगठन व्यापारियों की आवाज को कितनी मजबूती से उठाता है और पुरानी विरासत को किस नई दिशा में आगे ले जाता है।
खबरी न्यूज नेशनल नेटवर्क — चकिया, चंदौली
हक की आवाज | सच से सरोकार




















