DM Chandra Mohan Garg Inspection: बिजली व्यवस्था को लेकर डीएम का औचक निरीक्षण, अधिकारियों में मचा हड़कंप
Khabari News Chandauli। जनपद में लगातार बढ़ रही गर्मी और बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों को देखते हुए जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने गोधना मोड़ स्थित बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय का अचानक निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क कर दिया। डीएम के अचानक पहुंचने से विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बिजली विभाग के कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, शिकायत निस्तारण व्यवस्था और विद्युत आपूर्ति की स्थिति की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में तय रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। किसी भी क्षेत्र में अनावश्यक कटौती या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सबसे खास बात यह रही कि डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने निरीक्षण के दौरान खुद शिकायत रजिस्टर उठाकर उपभोक्ताओं को फोन करना शुरू कर दिया। उन्होंने रजिस्टर में दर्ज शिकायतकर्ताओं से सीधे बात कर यह जानने की कोशिश की कि उनकी समस्याओं का समाधान हुआ या नहीं। इस दौरान उपभोक्ताओं से लो-वोल्टेज, ट्रांसफार्मर खराब होने, बिजली कटौती और शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति के बारे में जानकारी ली गई।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि केवल कागजी कार्रवाई से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं को राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कंट्रोल रूम में आने वाली हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी उपभोक्ता की कॉल रिसीव नहीं की गई या शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में शिकायतों की संख्या भी बढ़ती है। इसलिए विभाग को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करना होगा।

अधीक्षण अभियंता जसमीर सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने डीएम को बिजली आपूर्ति व्यवस्था और शिकायत निस्तारण की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि विभाग उपभोक्ताओं की समस्याओं को जल्द से जल्द दूर करने का प्रयास कर रहा है।
बिजली विभाग की ओर से उपभोक्ताओं के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। विभाग ने बताया कि किसी भी विद्युत संबंधी समस्या के लिए उपभोक्ता कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9415696764 या टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा लोग अपने नजदीकी बिजली उपकेंद्र पर जाकर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि डीएम के इस औचक निरीक्षण से बिजली विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार आने की उम्मीद जगी है। लोगों ने उम्मीद जताई कि अब शिकायतों का समाधान तेजी से होगा और भीषण गर्मी में उन्हें राहत मिल सकेगी।
जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सक्रियता को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब देखने वाली बात यह होगी कि डीएम के निर्देशों के बाद विभागीय स्तर पर कितनी तेजी से सुधार दिखाई देता है।


















