खबरी न्यूज नेशनल नेटवर्क सकलडीहा/चंदौली। पवित्र सावन माह के अवसर पर रविवार को गायत्री चेतना केंद्र, सकलडीहा में साप्ताहिक यज्ञ का दिव्य एवं भव्य आयोजन वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। आध्यात्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में डैडीज इंटरनेशनल आवासीय विद्यालय के संस्थापक-प्रबंधक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी मुख्य अतिथि एवं मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के पहुंचने पर गायत्री चेतना केंद्र के प्रवेश द्वार पर तिलक-चंदन, पुष्प एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद देव पूजन एवं देव आवाहन के साथ यज्ञ का शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शास्त्रोक्त विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया गया। सावन माह की आध्यात्मिक महत्ता को देखते हुए विभिन्न देव शक्तियों को गायत्री मंत्र के साथ श्रद्धापूर्वक आहुतियां अर्पित की गईं।

साहित्य, अक्षय कलश और पौधा भेंट कर किया सम्मान
यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद गायत्री चेतना केंद्र की ओर से डॉ. विनय प्रकाश तिवारी को पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी का साहित्य, अक्षय कलश एवं श्रीफल का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. तिवारी ने कहा कि जीवन में कहीं भी जाना ईश्वर की इच्छा और कृपा से ही संभव होता है। उन्होंने कहा कि यदि आज उन्हें गायत्री चेतना केंद्र आने का अवसर मिला है तो इसमें मां गायत्री की कृपा है। केंद्र पर बिताए प्रत्येक क्षण को उन्होंने आनंद एवं आध्यात्मिक अनुभूति से परिपूर्ण बताया।
उन्होंने दक्षिण भारत भ्रमण एवं निवेश से जुड़े अपने विभिन्न अनुभव भी उपस्थित लोगों के साथ साझा किए। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी गायत्री चेतना केंद्र और गायत्री परिवार से जुड़े रहने की इच्छा व्यक्त की।
गायत्री परिवार के लिए अयोध्या दर्शन की बड़ी घोषणा
कार्यक्रम के दौरान डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने गायत्री परिवार के परिजनों के लिए अयोध्या दर्शन की निःशुल्क बस सेवा की महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग 18 महीनों से उनके निजी व्यय से प्रत्येक माह एक बस अयोध्या दर्शन के लिए जाती है।

उन्होंने कहा कि अब इसी क्रम में गायत्री परिवार के परिजनों के लिए भी अयोध्या दर्शन की व्यवस्था की जाएगी। गायत्री परिवार के सदस्य अपनी सुविधानुसार तिथि तय कर सकते हैं। अयोध्या यात्रा के लिए उन्हें किसी प्रकार का शुल्क अथवा यात्रा व्यय नहीं देना होगा।
इस घोषणा के बाद उपस्थित गायत्री परिजनों ने करतल ध्वनि एवं जयघोष के साथ डॉ. तिवारी का अभिनंदन किया। परिसर का वातावरण श्रद्धा, उत्साह और आनंद से भर उठा।

बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
कार्यक्रम में दूर-दराज क्षेत्रों से आए गायत्री परिवार के परिजन, श्रद्धालु एवं भक्तगण बड़ी संख्या में शामिल हुए। यज्ञ एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम के बाद सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से स्वल्पाहार ग्रहण किया।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि डॉ. विनय प्रकाश तिवारी को स्नेहपूर्वक विदाई दी गई। श्रद्धालु एवं गायत्री परिवार के सदस्य अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
सावन की पावन बेला में आयोजित यह साप्ताहिक यज्ञ जहां श्रद्धा, साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना, वहीं अयोध्या दर्शन के लिए निःशुल्क बस सेवा की घोषणा ने गायत्री परिवार के परिजनों में नई उमंग और उत्साह का संचार कर दिया।
खबरी न्यूज विशेष:
सवाल सिर्फ खबर का नहीं… सच का है।





















