-
हिनौती दक्षिणी के ग्रामीणों को वर्षों बाद मिली राहत, अब घरों तक पहुंचेगा स्वच्छ पेयजल
-
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मुकेश साहनी की पहल लाई रंग, जल संकट से मिलेगी निजात
-
विधायक बोले— ‘पर्वतीय क्षेत्र में पानी अमृत के समान, जल जीवन मिशन से और मजबूत होगी व्यवस्था’
खबरी न्यूज नेशनल नेटवर्क चकिया/चंदौली। शिकारगंज क्षेत्र के ग्राम सभा हिनौती दक्षिणी के मुबारकपुर गांव में शनिवार को विकास की एक नई इबारत लिखी गई। लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत देते हुए क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य ने नव निर्मित वाटर स्टैंड पोस्ट का फीता काटकर लोकार्पण किया। उद्घाटन के साथ ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने इसे गांव के लिए ऐतिहासिक पहल बताया।
वर्षों पुरानी पानी की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम
मिर्जापुर सीमा से सटे चकिया विकासखंड का मुबारकपुर गांव पर्वतीय क्षेत्र में स्थित है, जहां वर्षों से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई थी। गर्मी के दिनों में ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। अब इस वाटर स्टैंड पोस्ट के शुरू होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

ग्राम प्रधान और प्रतिनिधि की मेहनत लाई रंग
ग्राम प्रधान रामदेही देवी ने गांव तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का संकल्प लिया था। इस संकल्प को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मुकेश कुमार साहनी ने समाजसेवियों एवं ग्रामीणों के सहयोग से साकार किया। ग्रामीणों ने बताया कि यह परियोजना गांव की सबसे बड़ी आवश्यकताओं में शामिल थी, जो अब पूरी हो गई है।
‘पर्वतीय क्षेत्र में पानी अमृत के समान’— विधायक कैलाश आचार्य
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र के लोगों के लिए पानी किसी अमृत से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आने वाले समय में जल जीवन मिशन के माध्यम से भी गांव में स्थायी और बेहतर जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
भाजपा पदाधिकारियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार मौर्य, भाजपा मंडल अध्यक्ष त्रिलोकी बिन्द, समाजसेवी अरविंद सिंह, अल्पसंख्यक मंडल अध्यक्ष रशीद अहमद, दिनेश बहेलिया, महेंद्र सिंह, एडीओ पंचायत एन.डी. तिवारी, ग्राम सचिव आलोक यादव, श्यामसुंदर साहनी, संतरा देवी, किरण देवी, कौशल्या देवी, प्रेम देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों के चेहरों पर दिखी खुशी, विकास कार्य की हुई सराहना
ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से चली आ रही पानी की समस्या अब काफी हद तक समाप्त होगी। लोगों ने विधायक, ग्राम प्रधान और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि भविष्य में भी गांव में इसी तरह विकास कार्य जारी रहेंगे। वाटर स्टैंड पोस्ट का यह लोकार्पण केवल एक परियोजना का उद्घाटन नहीं, बल्कि मुबारकपुर के बेहतर भविष्य की नई शुरुआत माना जा रहा है।





















