ग्राम प्रधानों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन : Gram Pradhan Term Extension Demand
कार्यकाल बढ़ाने की उठाई मांग
Khabari News Chandauli । जिले के ग्राम प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात की। इस दौरान संगठन की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग की गई।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि 26 मई को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। ऐसे में निकट भविष्य में पंचायत चुनाव होने की संभावना नहीं दिख रही है, इसलिए प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाना आवश्यक है।

उनका कहना था कि ग्राम प्रधान ही गांवों की मूलभूत समस्याओं और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति से भलीभांति परिचित होते हैं तथा सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करते हैं।
ग्राम प्रधान संगठन के जिला अध्यक्ष पवन प्रताप सिंह ने कहा कि कई राज्यों में चुनाव नहीं होने की स्थिति में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने के उदाहरण मिल चुके हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश में भी यह निर्णय लिया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीण विकास कार्य प्रभावित न हों।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्यकाल विस्तार पर निर्णय नहीं लिया गया तो कई विकास कार्य अधर में लटक सकते हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के क्रियान्वयन की गति धीमी पड़ सकती है और जनता को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ग्राम प्रधानों ने यह भी कहा कि पंचायत प्रतिनिधि लगातार गांवों में रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान करते हैं और प्रशासन तथा जनता के बीच सेतु का काम करते हैं।

ज्ञापन में यह मांग भी उठाई गई कि ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक मद और मनरेगा के तहत कराए गए विकास कार्यों का भुगतान 26 मई से पहले सुनिश्चित कराया जाए। प्रधानों का कहना है कि यदि भुगतान समय से नहीं हुआ तो आगे चलकर तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनें उत्पन्न हो सकती हैं।
इससे विकास कार्यों में लगे मजदूरों और संबंधित लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

ग्राम प्रधान संगठन ने सरकार से मांग की कि पंचायत व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और ग्रामीण विकास की गति को जारी रखने के लिए जल्द से जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
संगठन के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ग्राम प्रधानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उचित निर्णय करेंगे।
इस दौरान जेपी चौहान, विवेक कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह, सतीश कुमार सिंह, नीलम यादव, धीरज यादव और चंद्रमा सिंह सहित कई प्रधान प्रतिनिधि मौजूद रहे।



















