12 जुलाई 2010 को प्रयागराज में हुए जानलेवा आरडीएक्स हमले के बाद लंबे उपचार से स्वस्थ होकर जीवन में लौटने की स्मृति में वैश्य समाज हर वर्ष इस दिन को ‘पुनर्प्राप्ति जन्मोत्सव’ के रूप में मनाता है।”
केक काटकर मनाया गया पुनर्प्राप्ति जन्मोत्सव, जनसेवा और संघर्ष को किया गया नमन
चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल सहित कई गणमान्य रहे मौजूद, वैश्य समाज ने दिखाई एकजुटता
चकिया (चंदौली) | खबरी न्यूज
चकिया नगर में रविवार को वैश्य समाज ने उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री एवं वैश्य समाज के संस्थापक माननीय नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ का पुनर्प्राप्ति जन्मोत्सव पूरे उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम के दौरान केक काटकर उनके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और जनसेवा के संकल्प के लिए शुभकामनाएं दी गईं। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती और जनसेवा का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।


नगर के वार्ड नंबर-5 स्थित वैश्य समाज के जिला उपाध्यक्ष शिवरतन गुप्ता के आवास पर आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व नगर अध्यक्ष शुभम मोदनवाल ने किया। समारोह में उपस्थित लोगों ने नंदी जी के संघर्षपूर्ण जीवन, साहस और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके स्वस्थ जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चकिया नगर पंचायत चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव तथा वैश्य समाज के जिला अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल रहे। वहीं मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता ‘आशु’ एवं समाजसेवी कैलाश प्रसाद जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। नगर अध्यक्ष शुभम मोदनवाल ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत और सम्मान किया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण गरिमामय बन गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि 12 जुलाई 2010 को प्रयागराज में माननीय नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ पर रिमोट नियंत्रित आरडीएक्स बम से जानलेवा हमला किया गया था। इस भीषण हमले में उनके सुरक्षाकर्मी और एक पत्रकार ने अपने प्राण गंवा दिए थे, जबकि नंदी जी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। कई महीनों तक चले उपचार और कठिन संघर्ष के बाद उनके स्वस्थ होने की घटना को उनके समर्थक ‘पुनर्प्राप्ति जन्मोत्सव’ के रूप में मनाते हैं। यह दिन केवल उनके जीवन की वापसी का नहीं, बल्कि साहस, संघर्ष, ईश्वर की कृपा और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक माना जाता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नंदी जी के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए समाज के संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और इसी भावना के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर सभासद रवि गुप्ता, आलोक जायसवाल, सारांश केसरी, राजकिशोर गुप्ता, दिनेश कसौधन, रिंकू सोनकर, संजय चौहान, आलोक साहू, सुधीर गुप्ता, राजू चौहान, संजीव विश्वकर्मा, सुजीत वर्मा, शशिकांत प्रजापति, विजय जायसवाल, रमेश गुप्ता, सुदर्शन गुप्ता, सोनू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में वैश्य समाज एवं भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, भाईचारे और सामाजिक समरसता का माहौल देखने को मिला।























