शिक्षक समाज में शोक की लहर
खबरी न्यूज नेशनल नेटवर्क चकिया (चंदौली)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, चकिया के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष, लोकप्रिय, ईमानदार, संघर्षशील एवं कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक नेता श्री कैलाश प्रसाद का निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे शिक्षक समाज, शिक्षा विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके असामयिक निधन से हर कोई स्तब्ध है।
बताया जाता है कि कुछ समय पूर्व सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद से श्री कैलाश प्रसाद लगातार उपचाराधीन थे। लंबे समय तक जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष करने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों में गहरा शोक व्याप्त हो गया। विदित हो कि कैलाश प्रसाद जी गोंड समाज के जिलाध्यक्ष रामदुलार गोंड के सगे छाेटे भाई रहे।

अपने कार्यकाल के दौरान श्री कैलाश प्रसाद ने शिक्षक हितों के लिए सदैव मुखर होकर संघर्ष किया। वे अपनी सादगी, ईमानदारी, स्पष्टवादिता और निडर नेतृत्व के कारण शिक्षक समाज में विशेष पहचान रखते थे। शिक्षक समस्याओं के समाधान और संगठन की मजबूती के लिए उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा।
उनके निधन पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों, शिक्षकों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
खबरी न्यूज परिवार की ओर से भावपूर्ण श्रद्धांजलि
खबरी न्यूज परिवार उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, चकिया के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष स्वर्गीय श्री कैलाश प्रसाद जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता है। उनका संघर्ष, सेवा भाव, ईमानदारी और शिक्षक हितों के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार, शिक्षक समाज एवं उनके सभी शुभचिंतकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

🌹 खबरी न्यूज परिवार की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि।
ॐ शांति। 🙏





















