डीडीयू नगर, चंदौली। दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस में बिना टिकट यात्रा कर रही एक महिला और टिकट चेकिंग स्टाफ के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। वायरल वीडियो में महिला टीटी पर कपड़े उतारने का आरोप लगाते हुए हंगामा करती नजर आ रही है। वहीं, रेलवे अधिकारियों के सामने घटना का दूसरा पक्ष भी सामने आया है। रेलवे के अनुसार, महिला के पास यात्रा के दौरान वैध टिकट नहीं था और चेकिंग स्टाफ द्वारा टिकट बनवाने के लिए कहा गया था।
बताया गया कि 17 सितंबर को दानापुर से सिकंदराबाद जा रही दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस में टिकट चेकिंग के दौरान स्टाफ ने महिला से टिकट मांगा। टिकट नहीं मिलने पर उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत टिकट बनवाने के लिए कहा गया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इसके बाद महिला सेकेंड एसी कोच से निकलकर थर्ड एसी कोच में जाकर बैठ गई।

चेकिंग स्टाफ जब थर्ड एसी कोच में पहुंचा तो महिला अपनी बच्ची के साथ वहां मौजूद थी। अधिकारियों का कहना है कि कई बार कहने के बावजूद महिला ने तत्काल टिकट नहीं बनवाया।
वायरल वीडियो में क्या दिखा?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला और टिकट चेकिंग स्टाफ के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। महिला पैसे देने की बात करती नजर आती है, जबकि चेकिंग स्टाफ वैध टिकट बनवाने की बात कहता सुनाई देता है।
वीडियो में महिला अपने भाई को फोन करने और रेलवे हेल्पलाइन पर शिकायत करने की बात भी कहती सुनाई देती है। इसके बाद वह कथित तौर पर अपने कपड़े खुद फाड़ने लगती है और टीटी को फंसाने की बात कहती सुनाई देती है। सामने बैठे एक यात्री ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
डीडीयू जंक्शन पर महिला को ट्रेन से उतारा
बताया गया कि ट्रेन के करीब शाम चार बजे डीडीयू जंक्शन पहुंचने पर रेलवे कंट्रोल की सूचना पर आरपीएफ की महिला टीम ने महिला को ट्रेन से उतारा और पूछताछ की। इसी दौरान यात्री द्वारा बनाया गया वीडियो रेलवे स्टाफ को दिखाया गया।

रेलवे के पीआरओ विश्वनाथ के अनुसार, जांच के दौरान महिला के पास वैध टिकट नहीं मिला। बाद में निर्धारित जुर्माना लेकर उसका टिकट बनाया गया और उसे जाने दिया गया।
रेलवे अधिकारी ने टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा महिला के साथ बदसलूकी किए जाने के आरोप से इनकार किया। उनका कहना है कि महिला के खिलाफ की गई कार्रवाई रेलवे के नियमों के तहत की गई थी।



















