SDM पवन कुमार के सख्त तेवर, तहसीलदार देवेन्द्र की मौजूदगी में अवैध निर्माण जमींदोज
खबरी न्यूज नेशनल नेटवर्क चकिया‚चंदौली।
जनपद में लगातार चल रहे बुल्डोजर एक्शन के क्रम में शनिवार को चकिया तहसील क्षेत्र में भी प्रशासन का सख्त रुख देखने को मिला। शहाबगंज ब्लॉक के केरायगाँव में अवैध अतिक्रमण की शिकायतों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुल्डोजर चलवा दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे गांव में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
बुलडोजर-मछली मंडी टूटी… सपा दफ्तर ढहा… अब रेलवे लाइन किनारे बैठे कारोबारियों में दहशत का विस्फोट!
शिकायतों के बाद हरकत में आया प्रशासन
प्राप्त जानकारी के अनुसार केरायगाँव निवासी अतिउल्ला द्वारा अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत लगातार प्रशासन को मिल रही थी। राजस्व विभाग द्वारा जांच और अभिलेखों के परीक्षण के बाद अतिक्रमण की पुष्टि हुई, जिसके बाद कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

शनिवार सुबह प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंची तो लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ ही देर बाद बुल्डोजर ने अवैध निर्माण को गिराना शुरू कर दिया।
SDM पवन कुमार रहे पूरी कार्रवाई में एक्टिव
पूरे अभियान की कमान उपजिलाधिकारी चकिया पवन कुमार ने संभाल रखी थी। मौके पर उनका सख्त और एक्शन मोड वाला अंदाज साफ दिखाई दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
SDM पवन कुमार ने कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और नियमों के खिलाफ निर्माण करने वालों पर इसी तरह कार्रवाई होती रहेगी।
तहसीलदार देवेन्द्र की निगरानी में चला अभियान
तहसीलदार देवेन्द्र भी पूरी कार्रवाई के दौरान मौके पर डटे रहे। उन्होंने राजस्व विभाग की टीम को लगातार निर्देश देते हुए अभियान को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया।

तहसीलदार ने कहा कि तहसील प्रशासन लगातार शिकायतों की मॉनिटरिंग कर रहा है और जहां भी अवैध कब्जे की पुष्टि होगी, वहां तत्काल बुल्डोजर कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व और पुलिस टीम रही मुस्तैद
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार आरिफ, हल्का लेखपाल पंकज समेत राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी पूरी तरह अलर्ट दिखाई दिया। प्रशासन ने पहले पूरे इलाके की घेराबंदी कराई, उसके बाद बुल्डोजर से अवैध निर्माण को जमींदोज किया गया।

अतिक्रमणकारियों में मचा हड़कंप
चकिया तहसील में लगातार हो रही बुल्डोजर कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन के सख्त तेवरों के बाद अब गांव-कस्बों में यह चर्चा तेज हो गई है कि सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों पर किसी भी समय कार्रवाई हो सकती है।
प्रशासन का साफ संदेश है —
“सरकारी जमीन पर कब्जा किया, तो बुल्डोजर तय है!”






















