₹500 से बढ़कर ₹600 प्रतिदिन हुआ ड्यूटी भत्ता, जवानों और आश्रितों को मिलेगी कैशलेस चिकित्सा सुविधा
चंदौली कलेक्ट्रेट में विधायक रमेश जायसवाल की मौजूदगी में हुआ वर्चुअल कार्यक्रम, जिले के 390 सक्रिय जवानों को मिलेगा लाभ
खबरी न्यूज नेशनल नेटवर्क चन्दौली।
प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के स्वयंसेवकों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह से प्रदेशभर के पीआरडी जवानों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी के साथ कैशलेस चिकित्सा सुविधा और वर्दी भत्ते की शुरुआत की। सरकार की इन घोषणाओं से चंदौली सहित प्रदेशभर के पीआरडी जवानों में उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों का दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की घोषणा की। इसके साथ ही जवानों और उनके आश्रित परिजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा वर्दी भत्ता वितरण का शुभारंभ किया गया। चंदौली के पीआरडी जवान साकिर अंसारी को मुख्यमंत्री के हाथों कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र के ग्राम परवर पश्चिम में 22.95 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मल्टीस्टोरी बैरक के निर्माण की जानकारी भी दी गई।
कलेक्ट्रेट में जुटे करीब 150 पीआरडी जवान
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा वर्चुअल प्रसारण चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया, जहां करीब 150 पीआरडी जवानों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। जनपद स्तरीय कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के विधायक रमेश जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, उपायुक्त स्वतः रोजगार तथा जिला युवा कल्याण अधिकारी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक रमेश जायसवाल ने पीआरडी जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की ओर से दिया गया सम्मान उनके लिए प्रेरणा का काम करे। उन्होंने जवानों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पालन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान समाज की सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार द्वारा भत्ते और सुविधाओं में बढ़ोतरी उनके मनोबल को मजबूत करने के साथ उनकी सेवा को भी सम्मान देने का प्रयास है। उन्होंने सभी जवानों को नई सुविधाओं और बढ़े हुए भत्ते के लिए बधाई दी।
390 जवान पंजीकृत, 349 की विभिन्न विभागों में तैनाती
जिला युवा कल्याण एवं पीआरडी अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि चंदौली जनपद में वर्तमान में 390 सक्रिय पीआरडी जवान पंजीकृत हैं। इनकी ड्यूटी विभागीय पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से लगाई जाती है।

वर्तमान में 349 जवानों की तैनाती विभिन्न विभागों और संस्थानों में की गई है। इनमें थाने, यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग, कलेक्ट्रेट सुरक्षा, खनन विभाग और विकास भवन समेत कई स्थान शामिल हैं।
अधिकारी के अनुसार जवानों को मानदेय का भुगतान प्रतिमाह प्राप्त मस्टररोल के आधार पर सीधे कोषागार से ई-पेमेंट के माध्यम से उनके बैंक खातों में किया जाता है। इससे भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिल रही है।
सम्मान के साथ बढ़ी जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि विधायक रमेश जायसवाल को बुके और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। जिला युवा कल्याण अधिकारी ने उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के समापन पर जिला युवा कल्याण अधिकारी ने मुख्य अतिथि, अधिकारियों और पीआरडी जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही जवानों को सरकार की नई सुविधाओं को सकारात्मक ऊर्जा के रूप में लेते हुए पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए प्रेरित किया।
Khabari News Impact:
पीआरडी जवानों के ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी और कैशलेस चिकित्सा सुविधा की शुरुआत से सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले इन स्वयंसेवकों के आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा कवच को मजबूती मिलने की उम्मीद है। चंदौली के 390 सक्रिय पीआरडी जवानों के लिए यह फैसला सीधे तौर पर राहत और सम्मान दोनों से जुड़ा है।





















