डीडीयू नगर/चंदौली। जिले की सकलडीहा तहसील में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह ने खुद धरातल पर उतरकर गंगा तटवर्ती और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।
निरीक्षण अभियान के दौरान एसडीएम आकांक्षा सिंह ने टांडाकला, सरौली, मोहम्मदपुर, जमालपुर और शेरपुर सरैया सहित कई गंगा तटवर्ती गांवों का दौरा किया। वह सीधे गंगा तट पर पहुंचीं और वहां की वर्तमान स्थिति तथा जलस्तर का बारीकी से जायजा लिया।

इस दौरान उपजिलाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें सतर्कता बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गंगा के जलस्तर में लगातार बदलाव की स्थिति को देखते हुए लोग प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।
मौके पर तैनात राजस्व और प्रशासनिक टीम को निर्देश देते हुए एसडीएम ने कहा कि गंगा के जलस्तर पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ या जलस्तर बढ़ने की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी रखी जाएं और संबंधित विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करें।
एसडीएम आकांक्षा सिंह ने कहा कि प्रशासन हर स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने को प्राथमिकता दें।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार अनुराग सिंह, राजेन्द्र प्रसाद, दिनेश चंद्र शुक्ल सहित स्थानीय लेखपाल प्रवीण सिंह, बृजेश मिश्रा और अखिलेश मिश्रा समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस सक्रियता से गंगा तटवर्ती गांवों में संभावित बाढ़ को लेकर निगरानी और तैयारियां तेज कर दी गई हैं।





















