© 2026 Khabari News – All rights reserved. | News Website Development Services | New Traffic tail
Home » उत्तर प्रदेश » रोजगार मेले में उमड़ा युवाओं का सैलाब, आई फोन व टाटा मोटर्स समेत कई कंपनियों ने बांटे ऑफर लेटर

रोजगार मेले में उमड़ा युवाओं का सैलाब, आई फोन व टाटा मोटर्स समेत कई कंपनियों ने बांटे ऑफर लेटर

दर्जनों कंपनियों ने लिया युवाओं का इंटरव्यू, चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे पर दिखी खुशी

चंदौली के साथ मिर्जापुर, आजमगढ़ और गाजीपुर से भी पहुंचे युवा, रोजगार की तलाश में दिखा जबरदस्त उत्साह

खबरी न्यूज नेशनल नेटवर्क  चकिया‚ चन्दौली। रोजगार की तलाश में जुटे युवाओं के लिए मंगलवार का दिन उम्मीदों से भरा रहा। अहरौरा रोड स्थित द्विवेदी प्राइवेट आईटीआई परिसर में आयोजित रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया और चयन प्रक्रिया पूरी की। सफल अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए। ऑफर लेटर हाथ में आते ही युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।

 युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस रोजगार मेले में टाटा मोटर्स और आईफोन समेत एक दर्जन से अधिक कंपनियों ने सहभागिता की। कंपनियों की ओर से विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों की योग्यता और अनुभव के आधार पर चयन प्रक्रिया की गई।

SRVS Sikanderpur

चार जिलों से पहुंचे युवा, रोजगार पाने को दिखा उत्साह

रोजगार मेले की खास बात यह रही कि इसमें केवल चंदौली जनपद के युवाओं ने ही हिस्सा नहीं लिया, बल्कि मिर्जापुर, आजमगढ़ और गाजीपुर जनपदों से भी बड़ी संख्या में युवा पहुंचे। सुबह से ही आईटीआई परिसर में अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।

युवाओं ने अलग-अलग कंपनियों के स्टॉल और काउंटरों पर पहुंचकर उपलब्ध पदों, वेतन, कार्यक्षेत्र, नियुक्ति प्रक्रिया और रोजगार की अन्य शर्तों के बारे में जानकारी हासिल की। इसके बाद योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। चयन प्रक्रिया में सफल युवाओं को कंपनियों की ओर से ऑफर लेटर देकर रोजगार की नई राह दिखाई गई।

अधिकारियों ने युवाओं को रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए किया प्रेरित

कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. उत्तम ओझा, प्रदेश संयोजक दिव्यांग प्रकोष्ठ ने किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी चकिया, जिला सेवायोजन अधिकारी ओम गुप्ता, नोडल अधिकारी आईटीआई अजय यादव तथा विधायक प्रतिनिधि चकिया अवनीश द्विवेदी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अधिकारियों और कंपनी प्रतिनिधियों ने युवाओं से कहा कि वर्तमान समय में निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। युवाओं को अपनी शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और रुचि के अनुरूप अवसरों की तलाश करनी चाहिए। रोजगार मेले जैसे आयोजन युवाओं और कंपनियों के बीच सीधे संपर्क का माध्यम बन रहे हैं।

Dalimss Sunbeam Chakia

रोजगार की तलाश में आए युवाओं को मिली नई उम्मीद

मेले में पहुंचे युवाओं का कहना था कि घर के आसपास ही अलग-अलग कंपनियों में नौकरी के अवसर मिलना उनके लिए महत्वपूर्ण है। कई युवाओं ने पहली बार इस तरह के रोजगार मेले में हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया में सफल युवाओं के हाथों में जब ऑफर लेटर पहुंचे तो माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।

रोजगार मेले के सफल आयोजन में द्विवेदी प्राइवेट आईटीआई के डायरेक्टर रोशन द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए भविष्य में भी इस तरह के आयोजन किए जाते रहेंगे, ताकि युवाओं को रोजगार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में भटकना न पड़े।

Silver Bells Chakia

रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़ ने साफ संकेत दिया कि चकिया और आसपास के क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों को लेकर युवाओं में जबरदस्त रुचि है। कंपनियों की सहभागिता और चयनित अभ्यर्थियों को मिले ऑफर लेटर ने इस आयोजन को युवाओं के लिए उम्मीद और अवसर का मंच बना दिया।

— खबरी न्यूज नेशनल नेटवर्क, चकिया
“हक की आवाज | सच से सरोकार | सबकी खबर सब पर नजर”

Share this post:

Facebook
X
Telegram
Email
WhatsApp

Leave a Comment

लेटेस्ट यूट्यूब वीडियो

लेटेस्ट न्यूज़ चंदौली

लेटेस्ट ब्रेकिंग न्यूज

Advertisement Box

Follow Our Facebook Page

लाइव क्रिकट स्कोर

राशिफल

© 2026 Khabari News – All rights reserved. | News Website Development Services | New Traffic tail

error: Content is protected !!