धनावल कलां में महिला ‚मासूम बालिका की मौत, बजरडीहां में बुजुर्ग महिला बनी वज्रपात का शिकार
चकिया में तहसीलदार देवेन्द्र और नौगढ में एसडीएम विकास मित्तल ने संभाला मोर्चा, पीड़ित परिवारों को सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू
एक ही शाम में तीन परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, पूरे इलाके में पसरा मातम
खबरी न्यूज | चकिया/नौगढ़, चन्दौली । शनिवार की शाम चन्दौली जनपद के लिए ऐसी दर्दनाक खबर लेकर आई, जिसने हर किसी का दिल दहला दिया। दिनभर की उमस के बाद अचानक मौसम ने करवट ली। आसमान में काले बादल छा गए, तेज हवाएं चलने लगीं और देखते ही देखते गरजती बिजली ने तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।
चकिया तहसील क्षेत्र के धनावल कलां गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से रूबी (35 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। रूबी अपने पीछे तीन पुत्रों और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव की महिलाएं ढांढस बंधाती रहीं, लेकिन बच्चों की आंखों से बहते आंसू हर किसी को भावुक कर रहे थे।
दुर्भाग्य यहीं नहीं रुका। उसी गांव में 12 वर्षीय मासूम लक्ष्मी पुत्री बेचू भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। जिसने अभी जीवन को ठीक से समझना भी शुरू नहीं किया था, वह अचानक इस दुनिया को अलविदा कह गई। मासूम की मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे तहसीलदार देवेन्द्र
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार चकिया देवेन्द्र तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा आवश्यक प्रशासनिक और राजस्व संबंधी कार्रवाई शुरू कराई।
तहसीलदार देवेन्द्र कुमार ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत और सहायता से संबंधित सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं ताकि प्रभावित परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उनकी सक्रियता और संवेदनशीलता की ग्रामीणों ने भी सराहना की।
नौगढ़ में झाड़ू लगाते समय गिरी बिजली, वृद्धा की मौके पर मौत
उधर नौगढ़ तहसील क्षेत्र के बजरडीहां गांव में भी प्रकृति का कहर देखने को मिला। गांव की 65 वर्षीय शकुंतला देवी अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं सके। जब तक लोग मदद के लिए दौड़े, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। शकुंतला देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
एसडीएम विकास मित्तल ने लिया तत्काल संज्ञान
घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी नौगढ़ विकास मित्तल ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। चकरघट्टा थाना प्रभारी और क्षेत्रीय लेखपाल ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेजा।

एसडीएम विकास मित्तल ने कहा कि पीड़ित परिवार को शासन द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए रिपोर्ट तैयार कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्यों में किसी प्रकार की देरी न करने के निर्देश भी दिए।
गांवों में मातम, लोगों की आंखें नम
एक ही दिन में तीन लोगों की मौत की खबर से धनावल कलां और बजरडीहां गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। जिन घरों में कल तक हंसी-खुशी का माहौल था, वहां आज सन्नाटा पसरा हुआ है। रिश्तेदार, पड़ोसी और शुभचिंतक पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
रूबी के छोटे-छोटे बच्चों की मासूम आंखें अपनी मां को खोज रही हैं, वहीं लक्ष्मी की असमय मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। दूसरी ओर शकुंतला देवी के परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
खराब मौसम में सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि खराब मौसम, गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें। मौसम विभाग की चेतावनियों पर विशेष ध्यान दें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।
खबरी न्यूज की अपील
आकाशीय बिजली जैसी प्राकृतिक आपदाएं कुछ ही क्षणों में पूरे परिवार की दुनिया बदल देती हैं। ऐसे में सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। खबरी न्यूज दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।
— खबरी न्यूज
प्रधान संपादक: के. सी. श्रीवास्तव (एडवोकेट)






















