सपा का शक्ति प्रदर्शन, प्रशासन सख्त, FIR और गिरफ्तारी के बाद बढ़ा सस्पेंस
▶ “2017 में मुझे घेर लिया गया था…” — सांसद छोटेलाल खरवार का बड़ा बयान
▶ “दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाना चाहिए” — सांसद ने मांगी उच्चस्तरीय जांच
▶ चकिया कोतवाली में 20-22 नामजद और लगभग 100 अज्ञात पर FIR
▶ पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार, कई और खुलासों की संभावना
▶ महेंद्र राव और पत्नी पर वन विभाग के दो-दो मुकदमे दर्ज
▶ “अगर सब सही था तो जेसीबी लेकर भागने की जरूरत क्यों पड़ी?”
▶ वन विभाग और पुलिस की भूमिका पर भी उठे सवाल
▶ चकिया में गरमाई सियासत, पूरे मामले पर जिले की नजर
खबरी न्यूज नेशनल नेटवर्क चकिया‚चन्दौली।
चकिया क्षेत्र का चर्चित महेंद्र राव प्रकरण अब केवल एक कानूनी कार्रवाई भर नहीं रह गया है, बल्कि यह मामला राजनीति, प्रशासन, वन विभाग और पुलिस व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता नजर आ रहा है। सोमवार को इस पूरे मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया था जब समाजवादी पार्टी के सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी आवास पहुंचा और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की।
डीएम आवास के बाहर भारी राजनीतिक हलचल देखने को मिली। नेताओं ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाए, वहीं प्रशासनिक सूत्र पूरे मामले को कानून व्यवस्था और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा से जुड़ा संवेदनशील विषय बता रहे हैं।

वन विभाग–पुलिस की ज्वाइंट रेड से मचा हड़कंप, फायरिंग… पीछा… गिरफ्तारी और अब शुरू हुआ असली खेल!
खबरी न्यूज़ के साथ बातचीत के दौरान शुक्रवार को छोटेलाल खरवार ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि वर्ष 2017 में जब वे पहली बार सांसद बने थे, तब कथित तौर पर महेंद्र राव और उनके साथियों ने उन्हें घेर लिया था और वे किसी तरह वहां से निकल पाए थे। सांसद ने कहा कि उस समय भी कई मामलों को लेकर चर्चाएं थीं और कुछ गतिविधियों में वन विभाग व पुलिस की भूमिका पर सवाल उठते रहे थे।
हालांकि सांसद ने बेहद संतुलित अंदाज में कहा कि किसी भी व्यक्ति को बिना जांच दोषी या निर्दोष कहना उचित नहीं होगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा—
सांसद छोटेलाल खरवार का बड़ा बयान
“पूरा मामला जांच का विषय है। दोषी चाहे कोई भी हो — पुलिस, वन विभाग या फिर … किसी को भी बख्शा नहीं जाना चाहिए। निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।”
सांसद के इस बयान के बाद पूरे प्रकरण ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है। क्योंकि एक ओर जहां विपक्षी कार्यकर्ता कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं सांसद ने भी सीधे तौर पर निष्पक्ष जांच की मांग कर मामले को गंभीर बना दिया है।

FIR और गिरफ्तारी के बाद बढ़ा सस्पेंस
इस पूरे मामले में शुक्रवार को चकिया कोतवाली में दर्ज हुई एफआईआर अब सबसे बड़ी चर्चा का विषय बनी हुई है। सूत्रों के अनुसार मुकदमे में लगभग 20-22 नामजद और करीब 100 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
इसी बीच चकिया पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है। सूत्रों का मानना है कि इन गिरफ्तारियों के बाद कई और महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में कुछ और नामों के सामने आने की संभावना भी व्यक्त की जा रही है। वही महेन्द्र राव का कहना था कि उनकी भूमिधरी भूमि पर जे सी बी चल रही थी जिसे वन विभाग व थाना चकिया अवैध बता रही थी।

क्षेत्र में चर्चा यह भी है कि आखिर घटनास्थल पर हालात इतने तनावपूर्ण कैसे हो गए? क्या प्रशासन को पहले से टकराव की आशंका थी? और यदि थी तो हालात संभालने के लिए पर्याप्त तैयारी क्यों नहीं की गई?
वन विभाग पर भी उठे कई सवाल
खबरी से बातचीत में शनिवार को चन्द्रप्रभा रेंजर अखिलेश दूबे ने बताया कि महेंद्र राव और उनकी पत्नी के खिलाफ वन विभाग की ओर से दो-दो मुकदमे पहले से ही दर्ज किए गए हैं जिसमें विभाग विधिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई कर रहा है।
लेकिन इसके साथ ही अब कई सवाल जनता के बीच तेजी से गूंज रहे हैं—
❓ क्या वन विभाग को अवैध गतिविधियों की जानकारी देर से मिलती है?
❓ अगर पहले से जानकारी थी तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
❓ क्या स्थानीय स्तर पर कहीं न कहीं सिस्टम की चुप्पी ने हालात को बढ़ावा दिया?
❓ आखिर कथित तौर पर जेसीबी लेकर भागने जैसी नौबत क्यों आई?
❓ क्या जांच में वन विभाग और स्थानीय पुलिस की भूमिका की भी पड़ताल होगी?
✍️ खबरी न्यूज़ विश्लेषण
चकिया का महेंद्र राव प्रकरण अब कई परतों वाला मामला बन चुका है। राजनीतिक बयान, पुलिस कार्रवाई, वन विभाग के मुकदमे और गिरफ्तारी — इन सबने इस पूरे घटनाक्रम को और संवेदनशील बना दिया है।
लेकिन इन सबके बीच सबसे बड़ा सवाल अभी भी वही है—
सच आखिर है क्या?
जनता अब सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप नहीं बल्कि निष्पक्ष जांच और स्पष्ट जवाब चाहती है। क्योंकि यह मामला अब केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उस पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल बन चुका है, जो अक्सर तब जागता दिखाई देता है जब हालात पूरी तरह विस्फोटक हो जाते हैं।





















